20 आरोपियों के खिलाफ NIA ने दाखिल की चार्जशीट, अब तक 21 लोग हो चुके हैं गिरफ्तार
कोच्चि
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने केरल में राजनयिक के सामान के जरिये 14.82 करोड़ रुपये मूल्य के 30 किलोग्राम सोने की तस्करी के मामले में शिकंजा कस दिया है। एजेंसी ने मंगलवार को इस मामले में एक विशेष अदालत में 20 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल किया। सरिथ पीएस और स्वप्ना प्रभा सुरेश सहित आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एनआईए द्वारा अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि आठ फरार हैं। यह मामला सीमा शुल्क (निवारक) आयुक्तालय, कोचीन द्वारा त्रिवेंद्रम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एयर कार्गो में एक राजनयिक के सामान से 30 किलोग्राम सोने की बरामदगी से संबंधित है। पिछले साल पांच जुलाई को बरामद इस सोने की कीमत 14.82 करोड़ रुपये है। एनआईए की जांच से पता चला था कि आरोपियों ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से देश में लगभग 167 किलोग्राम सोने की तस्करी की थी। मुख्य आरोपी की योजना बहरीन, सऊदी अरब, मलेशिया जैसे देशों से और तस्करी करने की भी थी। सोने को यूएई से एक राजनयिक सामान में छिपाकर लाया गया था और जिसे वियना संधि के अनुसार जांच से छूट है।
दूतावास के पूर्व कर्मी हैं सुरेश और सरिथ:
तिरुवनंतपुरम निवासी सुरेश और सरिथ यूएई वाणिज्य दूतावास के पूर्व कर्मचारी हैं और उन्होंने राजनयिक चैनल का इस्तेमाल कर सोने की तस्करी में कथित तौर पर अपने पूर्व संपर्क का इस्तेमाल किया था। एनआईए ने 10 जुलाई, 2020 को सरिथ, स्वप्ना, फैसल फरीद, संदीप नैयर और अन्य के खिलाफ यूएपीए की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। एनआईए ने 11 जुलाई, 2020 को फरार आरोपियों सुरेश और संदीप को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था।
आरोपपत्र में इनके भी नाम:
आरोपपत्र में रमीस केटी, जलाल एएम, मोहम्मद शफी पी, सईदालवी ई, अब्दु पीटी, राबिंस हमीद, मुहम्मदली अब्राहिम, मुहम्मदली, शराफुद्दीन केटी, मोहम्मद शफीक ए, हमजात अब्दुस्सलाम, सम्जू टीएम, हमजाद अली के, जिफसाल सीवी, अबूबाकर पी, मोहम्मद अब्दु शामिन केवी, अब्दुल हामिद और शमशुद्दीन के नाम शामिल हैं।

पाठको की राय